सऊदी अरब ने 7 महीने बाद मक्का खोला, 18 अक्टूबर से 40 हजार लोगों को नमाज की इजाजत; दुनिया में 3.52 करोड़ मरीज


सऊदी अरब में सात महीने बाद रविवार से मुस्लिमों के धार्मिक स्थल मक्का को उमरा के लिए खोल दिया गया। इसके लिए जरूरी सावधानियों का ध्यान रखा गया है। इसे तीन चरणों में खोला जाएगा। पहले चरण में सऊदी के 6 हजार लोगों को जाने की इजाजत होगी।

दूसरे स्टेज में 18 अक्टूबर के बाद ज्यादा से ज्यादा 15,000 जायरीनों और नमाज के लिए 40,000 लोगों को इजाजत दी जाएगी। उमरा के लिए लोगों को मोबाइल एप्लिकेशन से आवेदन करना होगा, ताकि भीड़ से बचा जा सके। हज मंत्री ने कहा कि देश के बाहर के जायरीन 1 नवम्बर से मक्का जा सकेंगे।

केवल एक हजार लोगों को ही हज की इजाजत दी गई थी

सऊदी अरब में अब तक 3 लाख 35 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित मिल चुके हैं जबकि 4850 मौतें हो चुकी हैं। उमरा में हर साल पूरी दुनिया से लाखों मुसलमान पहुंचते हैं। कोरोना के चलते इस साल सऊदी में रहने वाले केवल एक हजार लोगों को ही हज की इजाजत दी गई थी।

दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ 52 लाख 10 हजार 693 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 2 करोड़ 61 लाख 96 हजार 883 लोग ठीक भी हो चुके हैं। अभी 79 लाख 74 हजार 623 मरीजों का इलाज चल रहा है। मरने वालों का आंकड़ा 10.39 लाख के पार हो चुका है। 

इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा

Record

ब्रिटेन: 700 से ज्यादा स्टूडेंट्स संक्रमित

ब्रिटेन के नार्थम्बुरिया यूनिवर्सिटी के 700 से ज्यादा स्टूडेंट्स संक्रमित मिले हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी स्टूडेंट्स को सेल्फ आइसोलेशन में जाने के लिए कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर उन्हें बाहर किया जा सकता है। स्टूडेंट्स के साथ ही उनके फ्लैट में रहने वालों और उनके संपर्क में आए लोगों को सेल्फ आइसोलेट होने के लिए कहा गया है। ब्रिटेन में 4 लाख 80 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं और 42 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।

स्पेन: पाबंदियां सख्त

स्पेन की राजधानी मैड्रिड में पाबंदियां सख्त कर दी गई हैं। नए नियमों के मुताबिक, बार और रेस्टोरेंट में पहले के मुकाबले अब 50% कम लोगों को ही सेवाएं दी जा सकेंगी। सभी दुकानें रात 10 बजे तक बंद करनी होंगी। निजी और सार्वजनिक स्थानों पर 6 से ज्यादा लोग नहीं जुट सकेंगे। देश में 8 लाख 10 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित मिले हैं और 32 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।

कोलंबिया : स्लम एरिया में खतरा


कोलंबिया में पांच महीने से लॉकडाउन है। हालांकि, प्रतिबंधों में ढील भी दी गई है। सितंबर से कुछ रेस्टोरेंट्स खोले गए हैं। सरकार का कहना है कि छोटे शहरों और स्लम एरिया में संक्रमण का खतरा टला नहीं है। कोलंबिया की राजधानी बोगोटा की मेयर क्लाउडिया ने शनिवार को कहा- महामारी की दूसरी लहर नवंबर-दिसंबर या इसके पहले भी आ सकती है। हमने तैयारियां की हैं। उम्मीद है यह पहले जैसी खतरनाक साबित नहीं होगी।

सैनिटाइजेशन के काम में जुटा एक वर्कर।


रूस: 24 घंटे में 10,499 मामले

रूस में 24 घंटे में संक्रमण के 10,499 केस मिले हैं जबकि 107 लोगों की जान गई है। 15 मई के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं। यहां अब तक 12.15 लाख मरीज मिल चुके हैं और 21,358 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां राजधानी मॉस्को सबसे ज्यादा प्रभावित है। देश में 5 अक्टूबर से सभी निजी कंपनियों को अपने 30% कर्मचारियों को घर से काम करने की इजाजत देने के लिए कहा गया है।

कोरोना वैक्सीन स्पुतनिक वी का टीका लगाती एक डॉक्टर।


फ्रांस: एक दिन में रिकार्ड 16 हजार से ज्यादा मामले

फ्रांस में 24 घंटे में 16 हजार 972 मामले सामने आए हैं। यह देश में एक दिन में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। इससे पहले शुक्रवार को देश में 12 हजार 148 मामले सामने आए थे। देश में संक्रमण की दूसरी लहर शुरू होने के साथ ही राजधानी पेरिस समेत कई शहरों में सख्त पाबंदियां लागू की गई हैं। अब तक फ्रांस में 6 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित मिले हैं और 32 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं |

इजराइल: प्रतिबंध के बावजूद देश भर में प्रदर्शन

इजराइल में प्रदर्शन करने पर रोक होने के बावजूद शनिवार को कई जगहों पर रैलियां निकाली गई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसा भी हुई। पुलिस ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में तेल अवीव में 37 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, येरूशलम में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इजराइल में कोरोना से जुड़ी नई पाबंदियों के तहत एक जगह पर 20 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक है |

For More Visit


Previous Post Next Post